सक्तीसक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती में सजेगा राज्य स्तरीय अटल प्रीमियर लीग 2.0 का क्रिकेट महाकुंभ, रायपुर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया पोस्टर का विमोचन

सक्ती। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और प्रदेशभर के क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रही राज्य स्तरीय अटल प्रीमियर लीग (APL) रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 सीजन-2 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। अगले महीने सक्ती जिला मुख्यालय के पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस भव्य खेल आयोजन के पोस्टर का विमोचन राजधानी रायपुर में किया गया।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के करकमलों से प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न नगर मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

भाजपा मंडल अध्यक्षों की रही विशेष उपस्थिति

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, गेंदराम मनहर, पहलवान दास महंत, पुरुषोत्तम सूर्यवंशी, रवि गबेल, डिगंबर साहू, शत्रुहन यादव, मनहरण चंद्रा एवं आशीष तिवारी उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया गया।

प्रदेशभर की क्रिकेट प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

अटल प्रीमियर लीग सीजन-2 के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की क्रिकेट टीमों और खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता होने के कारण दर्शकों को भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। सक्ती जिला मुख्यालय में इस स्तर के आयोजन से जिले की खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

प्रथम पुरस्कार 2 लाख 11 हजार, द्वितीय पुरस्कार 1 लाख 11 हजार रुपये

प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए आयोजकों द्वारा शानदार पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 2 लाख 11 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 11 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में होगा आयोजन

राज्य स्तरीय अटल प्रीमियर लीग का आयोजन सक्ती के पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता की आयोजन तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। आयोजकों द्वारा जल्द ही तारीख सहित प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी।

रायपुर में पोस्टर विमोचन के साथ ही सक्ती में होने जा रहे इस राज्य स्तरीय क्रिकेट महाकुंभ को लेकर खेल प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। अब क्रिकेट प्रेमियों को प्रतियोगिता की तिथि घोषित होने और मैदान में रोमांचक मुकाबले शुरू होने का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button