सक्ती जिला

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर ग्राम टूण्ड्री के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ

सक्ती/फगुरम। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत प्रथम अंतरराष्ट्रीय बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (VSWO) द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन एलायंस (JRCA) के सहयोग से ग्राम टूण्ड्री स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दिनांक 27 नवम्बर को बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री हरिहर प्रसाद सिदार, श्री वीरेंद्र धनसेना, ग्राम पंचायत के सरपंच श्री मुरलीधर साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सक्ती के कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, बच्चों के अधिकार, शिक्षा का महत्व एवं बाल विवाह रोकथाम से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा कानूनन अपराध है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई कि वे न तो बाल विवाह करेंगे और न ही किसी को बाल विवाह करने देंगे। यदि उनके आसपास या गांव में कहीं बाल विवाह होता दिखाई देता है या इसकी जानकारी मिलती है, तो वे उसका विरोध करेंगे और तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर फोन करके इसकी सूचना देंगे।

कार्यक्रम में विहान की एफएलसीआरपी श्रीमती शकुंतला धीरहे, सामाजिक कार्यकर्ता श्री कमानी धर्मा एवं श्रीमती गौरी सारथी सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल विवाह के प्रति जागरूक करना, उन्हें बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने हेतु प्रेरित करना तथा किसी भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से समय पर सूचना देने के प्रति जागरूक बनाना था।

VSWO एवं JRCA द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न गांवों और शैक्षणिक संस्थानों में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

Related Articles

Back to top button