मुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान शुरू, सांसद कमलेश जांगड़े ने दिखाई जागरूकता रथ को हरी झंडी, युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

सक्ती। प्रजापति ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय में नशा मुक्त जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कमलेश जांगड़े सहित रुक्मणी दीदी, बिंदु दीदी, राजश्री दीदी एवं दत्ता ग्रे भाई ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इसके पश्चात नशा मुक्ति अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह जागरूकता रथ नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश देता रहा। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को मादक पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति के जीवन को समय से पहले बर्बादी और मृत्यु की ओर धकेल देती है। उन्होंने कहा कि आज कई युवा घातक मादक पदार्थों के सेवन की चपेट में आ रहे हैं, जिससे शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान हो रहा है। नशे के कारण परिवार टूट रहे हैं और समाज का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नशा किसी भी प्रकार का हो, वह व्यक्तित्व के विनाश, निर्धनता और मृत्यु के द्वार खोलता है। समाज को इस आसुरी प्रवृत्ति से मुक्त करने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि यह जागरूकता अभियान जिले के विभिन्न गांवों तक पहुंचेगा, जहां लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा किसान नेता प्रीतम सिंह गबेल, रुक्मणी दीदी, बिंदु दीदी, राजश्री दीदी, माउंट आबू से आए दत्तात्रे, विमल अग्रवाल, दमयंती देवांगन, आरती पटेल सहित प्रजापति ब्रह्माकुमारी संस्थान के दीदी-भैया एवं दूरदराज से आए ग्रामीण महिला-पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




