संगठन में वर्षों की सक्रियता और समर्पण का मिला सम्मान, भाजपा के कर्मठ नेता प्रेम पटेल को छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड का सदस्य बनाया गया; बोले— पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करूंगा निर्वहन

सक्ती। भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय, कर्मठ एवं जमीनी नेता प्रेम पटेल को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी वर्षों की निष्ठा, सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान माना जा रहा है। उनके मनोनयन की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है और उन्हें लगातार बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
संगठन ने जताया भरोसा, जिम्मेदारी को बताया सम्मान
नवनियुक्त सदस्य प्रेम पटेल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश नेतृत्व एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वे पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
किसानों के हित में करेंगे प्रभावी कार्य
प्रेम पटेल ने कहा कि शाकम्भरी बोर्ड के माध्यम से किसानों, विशेष रूप से सब्जी एवं उद्यानिकी फसलों से जुड़े कृषकों की समस्याओं के समाधान, उनकी आय में वृद्धि तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी।
भाजपा के सक्रिय नेताओं में होती है पहचान
प्रेम पटेल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। पार्टी के विभिन्न अभियानों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दी शुभकामनाएं
उनके मनोनयन पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेम पटेल के अनुभव, संगठन क्षमता और जनसेवा की भावना का लाभ निश्चित रूप से शाकम्भरी बोर्ड के कार्यों और प्रदेश के किसानों को मिलेगा। सभी ने उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।




