सक्ती जिला

धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, सक्ती में 5 राइस मिलें सील, हजारों क्विंटल धान जब्त

सक्ती। धान खरीदी के अंतिम चरण में अनियमितताओं पर सख्ती दिखाते हुए जिला प्रशासन सक्ती ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के स्पष्ट एवं कड़े निर्देशों के तहत जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, खाद्य विभाग एवं मार्कफेड की संयुक्त टीम ने जिले की पांच राइस मिलों में औचक निरीक्षण कर गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने पर उन्हें सील कर दिया है।


संयुक्त जांच दल द्वारा विकासखण्ड मालखरौदा अंतर्गत ग्राम भाटा स्थित मेसर्स एल एन ट्रेडर्स, नगर पंचायत नया बाराद्वार स्थित रामचंद्र राइस एंड ऑयल मिल, विकासखण्ड सक्ती के ग्राम बगबुड़वां (डोडकी) स्थित श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज, विकासखण्ड मालखरौदा के ग्राम शेरो स्थित श्री कामाक्षी राइस मिल तथा विकासखण्ड सक्ती के ग्राम कोटमी स्थित श्री सत्या राइस मिल में भौतिक सत्यापन किया गया।


जांच के दौरान धान एवं चावल के स्टॉक, अभिलेख, उठाव एवं जमा विवरण की गहन जांच की गई। निरीक्षण में कहीं धान की मात्रा अधिक तो कहीं कम पाई गई, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।


मेसर्स एल एन ट्रेडर्स में 222.4 क्विंटल, रामचंद्र राइस एंड ऑयल मिल में 329 क्विंटल एवं श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज में 337.20 क्विंटल धान अधिक पाया गया। वहीं श्री कामाक्षी राइस मिल में 1720 क्विंटल तथा श्री सत्या राइस मिल में 260.80 क्विंटल धान कम पाया गया। इसके चलते नियमानुसार जब्ती एवं सुपुर्दगी की कार्रवाई करते हुए सभी पांचों मिलों को सील कर दिया गया।


प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार राइस मिलों में धान की रीसाइक्लिंग रोकने, बोगस खरीदी पर नियंत्रण तथा कस्टम मिलिंग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
जिला प्रशासन ने राइस मिलर्स को चेतावनी दी है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा दोषियों के विरुद्ध जुर्माना, मिल सील करने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हित में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button