भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत, गोपाल गौ सेवा समिति ने पिलाया शरबत एवं मैंगो जूस

फगुरम। भद्री चौक, 29 मई 2026। भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान राहगीरों एवं वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आज गोपाल गौ सेवा समिति, भद्री चौक द्वारा सेवा भाव से शरबत एवं मैंगो जूस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जनसेवा कार्य में बड़ी संख्या में राहगीरों, मजदूरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर ठंडे पेय पदार्थों का सेवन किया और समिति के इस सराहनीय प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष दीपक ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आमजन को राहत पहुंचाना ही इस सेवा अभियान का मुख्य उद्देश्य है। भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा शरबत एवं मैंगो जूस उपलब्ध कराकर उन्हें राहत देने का प्रयास किया गया। राहगीरों ने समिति के इस मानव सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष उपेंद्र तिवारी, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर पटेल, राजा चौहान, पप्पू वैष्णव, पुष्पराज साहू, राजा राम चन्द्रा सहित अन्य साथीगढ़ एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरा वातावरण सेवा, सहयोग और मानवता की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने गोपाल गौ सेवा समिति के इस प्रयास को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार करते रहने की अपील की।




