“नेतृत्व केवल पद नहीं, सेवा का संकल्प है”: डॉ. राजेश अग्रवाल; जिंदल वर्ल्ड स्कूल में छात्र परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में नए छात्र नेताओं ने ली जिम्मेदारी

सक्ती। जिंदल वर्ल्ड स्कूल में छात्र नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छात्र परिषद के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. राजेश अग्रवाल, विद्यालय के डायरेक्टर रवि जिंदल एवं ऋषभ अग्रवाल तथा प्राचार्य वेंकट की गरिमामयी उपस्थिति में नवनिर्वाचित छात्र परिषद एवं चारों हाउसों के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा उनके दायित्वों का औपचारिक हस्तांतरण किया गया।

छात्र परिषद को मिला नया नेतृत्व
विद्यालय की छात्र परिषद में ओम देवांगन को हेड बॉय, स्वधा सिंह बोनाफर को हेड गर्ल, केशव अग्रवाल को चीफ प्रीफेक्ट, ईशान शर्मा एवं आशी अग्रवाल को कल्चरल हेड, आर्यन ध्रुव एवं मौली चंद्रा को स्पोर्ट्स हेड तथा चैतन्य वर्मा एवं राशी देवांगन को डिसिप्लिन हेड की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा पद्मा, परमवीर, भारतरत्न एवं ज्ञानपीठ हाउस के विभिन्न छात्र-छात्राओं को भी नेतृत्व के विभिन्न पदों का दायित्व सौंपा गया।

निवर्तमान छात्र नेताओं ने कराया दायित्व हस्तांतरण
समारोह में निवर्तमान हेड बॉय शिवम एवं हेड गर्ल गुनिका ने नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को शपथ दिलाई और उन्हें निष्पक्षता, अनुशासन तथा समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
“नेतृत्व सेवा और जिम्मेदारी निभाने का अवसर है”
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश अग्रवाल ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “नेतृत्व केवल पद नहीं, सेवा का संकल्प है।” उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने पद को अधिकार नहीं बल्कि सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी निभाने का अवसर समझें तथा अपने आचरण, अनुशासन और कार्यशैली से विद्यालय एवं समाज के लिए आदर्श बनें।

अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर दिया जोर
विद्यालय के डायरेक्टर रवि जिंदल एवं ऋषभ अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक नेतृत्व के महत्व से अवगत कराते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं प्राचार्य वेंकट ने सभी नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में संपन्न इस समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सेवा भाव और उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।




