क्राइम

शराब के विवाद में बेटे ने ली पिता की जान, क्षेत्र में फैली सनसनी

रायपुर। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने और घर में दोस्तों को बुलाकर शराबखोरी करने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घर में शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा
पुलिस के अनुसार घटना तिल्दा-नेवरा के वार्ड क्रमांक-4 की है। रविवार रात आरोपी बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि घर में शराब सेवन और अन्य लोगों को बुलाकर बैठकी करने की बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि आरोपी ने गुस्से में घर में रखा लकड़ी का डंडा उठा लिया और पिता पर हमला कर दिया। आरोपी ने शरीर के कई हिस्सों पर लगातार वार किए, जिससे संतू कोठारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर हुई मौत
हमले में अधिक खून बहने और गंभीर चोट लगने के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सबूत छिपाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी ने घटना को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की। उसने घटनास्थल की सफाई की और मृतक को खाट पर लिटा दिया ताकि किसी को हत्या का शक न हो।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए।

पूछताछ में कबूला अपराध

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button