जांजगीर चांपा

अजब-गजब मामला: घर में घुसा था चोरी करने, मकान मालिक को देखकर अपना ही बाइक समेत मोबाइल छोड़कर भागा चोर, अब हुआ अरेस्ट

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक चोर चोरी की नीयत से सूने मकान में दाखिल तो हुआ, लेकिन मकान मालिक को देखकर चोरी का माल ले जाने के बजाय अपना ही सारा कीमती सामान मौके पर छोड़कर रफूचक्कर हो गया। बहरहाल, छूटे हुए सामान के सुराग से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, हरदी हरी गांव के रहने वाले शत्रुहन करियारे के घर में गुरुवार की रात को एक चोर चोरी करने की नीयत से अंदर घुसा था। चोर अभी घर के सामानों को खंगाल ही रहा था कि आहट पाकर मकान मालिक शत्रुहन की नींद खुल गई। अपने घर में अनजान शख्स को देखकर उन्होंने हिम्मत दिखाई और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।

मकान मालिक को अचानक सामने देख चोर बुरी तरह घबरा गया और खुद को छुड़ाकर भागने लगा। इस हड़बड़ी में चोर के पास रखे 2 मोबाइल, उसका गमछा और चप्पल वहीं जमीन पर गिर गए। इतना ही नहीं, पकड़े जाने के डर से चोर घर के बाहर खड़ी अपनी बाइक को वहीं छोड़कर पैदल ही दुम दबाकर भाग निकला।

पीड़ित मकान मालिक ने घटना की सूचना नवागढ़ थाना पुलिस को दी और मौके पर छूटे सामान को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने मोबाइल नंबर और बाइक के दस्तावेज खंगालते हुए आरोपी की शिनाख्त सुनील कश्यप के रूप में की। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी सुनील कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। नवागढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button