सक्ती जिलासक्ती नगर

हरदा विवाद की जानकारी देने का शक बना मौत की वजह, 13 वर्षीय बालक की हत्या कर खेत में दफनाया शव

चोरी का लोहा बेचने के बहाने घर से ले गया आरोपी, गला दबाकर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए खेत में दफना दिया; सक्ती पुलिस ने 40 घंटे में किया खुलासा

सक्ती। सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा खुर्द में 13 वर्षीय बालक कपिल कुमार केंवट की हत्या कर शव को खेत में दफना देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए गांव के ही 22 वर्षीय आरोपी हेमंत कुमार केंवट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में पुरानी रंजिश के चलते हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खेत में दफन शव बरामद करने के साथ हत्या में प्रयुक्त रापा और मृतक के कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को ग्राम परसदा खुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने अपने 13 वर्षीय पुत्र कपिल कुमार के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। जांच के दौरान गांव के ही हेमंत कुमार केंवट पर संदेह होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटा आरोपी

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार अपने बयान बदलकर गुमराह करने का प्रयास करता रहा। कई घंटों तक मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।

पैसों का लालच देकर ले गया, फिर गला दबाकर कर दी हत्या

आरोपी ने बताया कि वह चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का झांसा देकर कपिल को अपने साथ बोरघर ले गया। वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से खेत में रापा से गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और मृतक के कपड़े दूसरी जगह छिपा दिए।

हरदा विवाद की जानकारी देने का था शक

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात माह पहले ग्राम हरदा के कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ था। उसे शक था कि इस घटना की जानकारी कपिल ने अन्य लोगों को दे दी थी, जिसके कारण उसकी पिटाई हुई। इसी बात को लेकर वह कपिल से नाराज था और बदला लेने की फिराक में था। मौका मिलते ही उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।

उत्खनन कर निकाला गया शव

आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खेत की खुदाई कर शव बरामद किया गया। शव की पहचान कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रापा तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त कर लिए हैं।

पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार केंवट (22) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Back to top button