सक्ती जिला

फगुरम-खरसिया मार्ग पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से 10 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

सक्ती। फगुरम-खरसिया मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत फगुरम के मुख्य चौक के पास एक तेज रफ्तार कार ने 10 वर्षीय मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया है। मृतक बच्ची की पहचान रिधिमा निराला (उम्र 10 वर्ष), पिता दाऊराम निराला, निवासी ग्राम पंचायत सारसकेला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्ची सड़क किनारे थी, तभी तेज गति से आ रही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।



हादसे के बाद उग्र हुए ग्रामीण, किया चक्का जाम :-

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। परिजन रो-रोकर इंसाफ की गुहार लगाते रहे।



पुलिस-ग्रामीणों के बीच तनाव, स्थिति हुई उग्र :-

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालात कुछ समय के लिए काफी तनावपूर्ण और उग्र हो गए।

स्थानीय चालक पर आरोप :-;

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन चालक ग्राम पंचायत फगुरम का ही निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया है।

इंसाफ की मांग पर अड़े परिजन :-

परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी और उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक मासूम की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं दूसरी ओर लोगों में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button