क्राइम

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बीमारी का झांसा, युवक से 3 लाख की ठगी

ब्लड कैंसर और पारिवारिक परेशानी का बहाना बनाकर भावनात्मक जाल में फंसाया, तीन आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर भावनात्मक रूप से फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने खुद को गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताकर एक युवक से करीब 3 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए थे।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी की पहचान अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी मोनू कुमार चिरावतकर, कविता उर्फ दामिनी और सोनल उर्फ बबीता से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने पर आरोपियों ने खुद को ब्लड कैंसर, माइग्रेन एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताते हुए परिवार द्वारा प्रताड़ित किए जाने की कहानी सुनाई।


आरोपी कभी इलाज, कभी राशन तो कभी मां और बहन की मदद के नाम पर प्रार्थी से पैसों की मांग करते रहे। भावनात्मक बातों में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया।


मामले की शिकायत थाना बसंतपुर में दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत धारा 318(4), 308, 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
मोनू कुमार चिरावतकर (35 वर्ष), निवासी ग्राम टेडेसरा, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव
कविता उर्फ दामिनी (19 वर्ष), निवासी ग्राम टेडेसरा, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव
सोनल उर्फ बबीता (22 वर्ष), निवासी ग्राम टेडेसरा, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव


पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने तथा भावनात्मक कहानियों में आकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर नहीं करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button