सक्ती जिला
ओडेकेरा गांव के गौठान में चार दिनों में दो दर्जन गायों की मौत — अव्यवस्था और लापरवाही से उजागर हुई गौधन योजना की हकीकत

अरुण निराला संवाददाता, सक्ती। जिले के जैजैपुर क्षेत्र के ओडेकेरा गांव स्थित गौठान में लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बीते चार दिनों के भीतर करीब दो दर्जन गायों की मौत हो चुकी है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गौठान में न तो पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था है, न ही पीने के पानी की। लंबे समय से रखरखाव की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण गायों की हालत बिगड़ती चली गई और एक-एक कर उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन की गौधन न्याय योजना के तहत संचालित यह गौठान पूर्णतः अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया है। गायों की लगातार मौत ने योजना की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




