NH-49 पर दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से हार्वेस्टर चालक की मौत, एक किसान घायल

सक्ती। सक्ती थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-49 डोड़की गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े हार्वेस्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हार्वेस्टर चालक गोविंद यादव (निवासी मंदिर हसौद थाना क्षेत्र, रायपुर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में मौजूद एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक चालक गोविंद यादव हार्वेस्टर को सड़क किनारे खड़ा कर एक किसान से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने नियंत्रण खोते हुए हार्वेस्टर में टक्कर मार दी। घटना इतनी भीषण थी कि हार्वेस्टर चालक की वहीं मौत हो गई और ट्रेलर के अगले हिस्से में भी भारी नुकसान हुआ है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेजा और हादसे की जांच शुरू कर दी है।




