मालखरौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दो बोलेरो गाड़ियाँ किराए पर लेकर गायब करने वाला आरोपी दुर्ग से गिरफ्तार

सक्ती, 02 दिसम्बर। थाना मालखरौदा पुलिस ने वाहन किराया घोटाले के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो बोलेरो गाड़ियों को किराए पर लेकर न किराया देने और न वाहन लौटाने वाले आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थीया ने 29 सितंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दो बोलेरो गाड़ियाँ पूर्व परिचित आमिर खान, निवासी जरवानी सहसपुर, जिला राजनांदगांव, ने बीएसपी प्लांट में चलवाने के नाम पर 50 हजार रुपये देकर किराए पर ली थीं। इसके बाद न तो उसने किराया दिया और न ही वाहन लौटाया।
जांच में पता चला कि दोनों गाड़ियाँ भिलाई निवासी ईशंक गजपाल और दुर्ग निवासी खोमलाल देवांगन (33 वर्ष) के कब्जे में रखी गई थीं। वाहन एवं किराया लौटाने से इंकार करने पर पुलिस ने मामला अपराध क्रमांक 229/2025 धारा 316(3), 61 बी.एन.एस. के तहत दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल ठाकुर (भा.पु.से.) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव (रा.पु.से.) के निर्देश पर आरोपी की तलाश तेज की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी खोमलाल देवांगन को दुर्ग से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दोनों बोलेरो गाड़ियों को अपने कब्जे में रखना स्वीकार किया, जिसके बाद वाहनों को बरामद कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध सबूत पाए जाने पर उसे 02 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत के नेतृत्व में स.उ.नि. दिलीप सिंह खलखो तथा आरक्षक महेंद्र कंवर की प्रमुख भूमिका रही।




