अड़भार में छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ की मासिक बैठक सम्पन्न, पेंशनरों की समस्याओं पर हुई गंभीर चर्चा

अड़भार। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ पंजीयन क्रमांक 1881 की तहसील इकाई अड़भार द्वारा आज दिनांक 11 जनवरी 2026 को शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बस स्टैंड अड़भार में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ दोपहर एक बजे मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुआ। पूजा-अर्चना निर्मल दास वैष्णव के मंत्रोच्चार से हीरामणी वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रेखा वर्मा तथा जयसिंह गवेल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती नर्मदा गवेल द्वारा की गई। सरस्वती वंदना श्याम कुमार कटकवार ने प्रस्तुत की।
बैठक की शुरुआत संघ के संरक्षक द्वय समेलाल बरेठ एवं पातीराम साहू के आशीर्वचन से हुई। तत्पश्चात तहसील अध्यक्ष हीरामणी वर्मा ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सभी पेंशनर साथियों को संबोधित किया। उन्होंने अधिक से अधिक पेंशनरों को संगठन से जोड़ने पर जोर देते हुए “संघे शक्ति कलियुगे” के महत्व को रेखांकित किया।
बैठक में कुछ पेंशनर साथियों के प्रकरणों पर चर्चा की गई, जिन पर कलेक्टर महोदय के जनदर्शन में आवेदन के बाद भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। वहीं श्री हीरामणी ढेढ़े ने अपने स्वर्गीय पिता श्री रूप सिंह ढेढ़े को 01 जनवरी 1996 से पांचवें वेतनमान का लाभ एवं एरियर्स दिलाने हेतु विकासखंड मालखरौदा में दिए गए आवेदन की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन सचिव जयसिंह गवेल द्वारा किया गया। बैठक में पूरन लाल सोनी, देवेन्द्र कुमार साहू, शत्रुघ्न लाल गवेल, नवल किशोर देवांगन, देव सिंह यादव, श्रीमती रामावती भट्ट, श्रीमती पटवा, श्रीमती चंदेल, फूलसाय पटेल सहित लगभग 55 पेंशनर साथी उपस्थित रहे।
अंत में तीन दिवंगत पेंशनर साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उपस्थित सभी पेंशनर साथियों के प्रति आभार व्यक्त कर बैठक का समापन किया गया।




