कल निकलेगी भव्य शिव बारात, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस प्रशासन ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, चिराग अग्रवाल ने कहा – शिव बारात नगर की आस्था और परंपरा का प्रतीक

सक्ती। नगर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। आज भव्य शिव बारात श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर शिव बारात समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं, वहीं कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
व्यवस्थाओं का जायजा लेने स्वयं प्रफुल्ल ठाकुर, भुवनेश्वरी पैंकरा तथा लखन लाल पटेल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शिव बारात के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण कर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही गई।

शिव बारात नगर की आस्था और परंपरा का प्रतीक :- चिराग
शिव बारात समिति के अध्यक्ष चिराग अग्रवाल (लल्ली) ने अधिकारियों को बारात के रूट, झांकियों, डीजे, अखाड़ों एवं विभिन्न धार्मिक मंडलों की सहभागिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिव बारात नगर की आस्था और परंपरा का प्रतीक है, जिसमें हर वर्ग और समाज के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। चिराग अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा, “हमारी समिति का उद्देश्य शिव बारात को शांतिपूर्ण, भव्य और अनुशासित तरीके से संपन्न कराना है। हम पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए आभारी हैं। नगरवासियों से भी अपील है कि वे अनुशासन बनाए रखें और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।”
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकलेगी शिव जी की बारात :-
समिति ने प्रशासन से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निवेदन किया, जिस पर अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी तथा सादे वेश में जवान भी तैनात रहेंगे। आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन की व्यवस्था भी की जाएगी। नगर में जगह-जगह तोरण द्वार, सजावट और प्रकाश व्यवस्था की गई है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन झांकियों और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान शिव की महिमा का प्रदर्शन करेंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।




