
सक्ती/भांटा। बाल दिवस के अवसर पर गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल भांटा में आनंद मेले का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। मेले में छात्र-छात्राओं ने नन्हे व्यापारियों की भूमिका निभाते हुए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए और अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा का परिचय दिया।

आनंद मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए पानीपुरी, बटाटा, चाट, मैगी, मोमोज सहित कई स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने स्वयं स्टॉल का संचालन करते हुए ग्राहकों को व्यंजन परोसे और बिक्री की। अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के स्टॉल पर पहुंचकर व्यंजनों का आनंद लिया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराया गया। बताया गया कि प्रतिवर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उन्हें चाचा नेहरू के नाम से जाना जाता है। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास से ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित होगा।

विद्यालय में आयोजित इस आनंद मेले ने बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर दिया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग, संवाद कौशल, रचनात्मकता और व्यापारिक गतिविधियों की बारीकियों को समझा।

विद्यालय संचालक उत्तरा जायसवाल ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों एवं उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें व्यवहारिक जीवन का अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत झर्रा के सरपंच चक्रधारी भारद्वाज, इंसेक्ट कंप्यूटर सेंटर परसा के संचालक तरुण गवेल, रामकुमार गवेल तौलीपाली, जयपाल विश्वकर्मा भांटा एवं भुवन चौहान परसी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।




