Uncategorized

नवधा रामायण से लौटी महिला पर पति का कहर: गाली-गलौज के बाद स्टील पाइप से बेरहमी से पीटा, सिर फूटा

सक्ती। जिले में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नवधा रामायण सुनकर घर लौटी महिला पर उसके ही पति ने गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि महिला के सिर से खून निकलने लगा, वहीं हाथ और कमर में भी चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सकरेली कला थाना सक्ती निवासी पीड़िता, जो घरेलू कार्य करती है और कक्षा 12वीं तक शिक्षित है, 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे अपने घर आए मेहमानों—ग्राम डोंगिया की सावित्री बाई भट एवं चित्रलेखा भट के साथ गांव में आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल होने गई थी।

आधी रात घर लौटी तो शुरू हुआ विवाद

करीब डेढ़ घंटे बाद, 9 अप्रैल को रात लगभग 12:30 बजे जब पीड़िता घर लौटी, तो उसका पति संतोष भट पहले से ही गुस्से में था। वह अपने भतीजे जतिन कुमार भट को स्कूटी देने और उसकी चाबी गुम हो जाने की बात को लेकर नाराज था और महिला को अश्लील गालियां दे रहा था।

गाली देने से मना करने पर हमला

जब पीड़िता ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी संतोष भट और अधिक उग्र हो गया। उसने महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए घर की दीवार में टंगे पोछा मारने वाले स्टील पाइप (वाइपर) से मारपीट शुरू कर दी।

मेहमानों के सामने की मारपीट

घटना के दौरान घर में मौजूद मेहमान सावित्री बाई भट और चित्रलेखा भट ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माना और लगातार मारपीट करता रहा।

सिर से निकला खून, शरीर पर कई चोटें

इस हमले में महिला के सिर, दोनों हाथों की भुजा और कमर में चोटें आईं, वहीं सिर में गंभीर चोट लगने से खून भी निकला।

थाने पहुंची पीड़िता, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पीड़िता अपने ससुर एवं बेटे जतिन कुमार भट के साथ थाना सक्ती पहुंची और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button