सक्ती जिला

सुशासन तिहार 2026 के तहत फगुरम में लगेगा जन समस्या निवारण शिविर आज

ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान, अधिकारी रहेंगे उपस्थित

फगुरम। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में लगातार जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 20 मई को जनपद पंचायत मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत फगुरम के हाई स्कूल परिसर में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जहां ग्रामीण अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण करने के साथ-साथ आवश्यक मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

प्रशासन द्वारा बताया गया है कि शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, विद्युत, पेयजल, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी।

सुशासन तिहार के माध्यम से शासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने एवं अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button