सक्ती जिला

अवैध अहाता निर्माण पर तहसीलदार सख्त, जांच रिपोर्ट तलब,
रोक आदेश के बावजूद जारी निर्माण कार्य, प्रशासनिक आदेशों की उड़ रहीं धज्जियां


अड़भार/सक्ती। सक्ती जिले के अड़भार तहसील अंतर्गत ग्राम फगुरम में कथित अवैध अहाता निर्माण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। तहसील कार्यालय अड़भार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्ष को स्थान आदेश जारी किया गया है। यह कार्रवाई ग्राम फगुरम निवासी मनोहर राठौर द्वारा प्रस्तुत शिकायत आवेदन के आधार पर की गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अनावेदक मुकेश कुमार जालान द्वारा ग्राम फगुरम स्थित भूमि खसरा नंबर 882/1, 882/2 एवं 883/2 पर नियमों के विरुद्ध अहाता निर्माण कराया जा रहा है। संबंधित भूमि का रकबा क्रमशः 0.3320, 0.2430 एवं 0.4090 हेक्टेयर बताया गया है।


मामले को संज्ञान में लेते हुए तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी अड़भार ने जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने संबंधी स्थान आदेश जारी किया है। साथ ही संबंधित पक्ष को आगामी सुनवाई की तिथि 10 जून 2026 को न्यायालय में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


प्रशासन द्वारा हल्का पटवारी को मौके की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं चौकी प्रभारी फगुरम थाना डभरा तथा ग्राम पंचायत फगुरम को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सूचित किया गया है।


आदेश के बावजूद जारी निर्माण कार्य
सूत्रों के अनुसार तहसीलदार द्वारा रोक आदेश जारी किए जाने के बावजूद मौके पर लगातार अहाता निर्माण कार्य जारी है। इससे प्रशासनिक आदेशों की खुली अवहेलना सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणकर्ता के हौसले इतने बुलंद हैं कि सरेआम प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी की जा रही है।


इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक व्यवस्था और आदेशों के पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


अवैध निर्माण पर सख्ती के संकेत
प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध निर्माण मामलों पर सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। अब लोगों की नजर आगामी जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button