सक्ती जिला

सक्ती में आधी रात बाइक को लगाई आग, CCTV में कैद हुए संदिग्ध; मोहल्ले में दहशत

अरुण कुमार निराला। सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती के श्रीराम मंदिर रोड स्थित वार्ड क्रमांक 7 में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। घर के सामने खड़ी एक बाइक को अज्ञात युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। आगजनी की यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात्रि करीब 2 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक घटना से पहले कई बार मोहल्ले में घूमकर रेकी करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों ने सुनियोजित तरीके से बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई।


घटना के बाद वार्डवासियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटना पहले कभी नहीं हुई। इससे अब लोगों को अपने वाहनों और परिवार की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। रहवासियों ने आशंका जताई है कि यदि ऐसे असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।


वहीं, इस घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला मुख्यालय में रात्रि गश्त के लिए नगर सैनिकों की तैनाती होने के बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा बेखौफ होकर घटना को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।


स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की जाए तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।


फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button