सक्ती जिला

गैस सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता, कोचियों को प्राथमिकता देने का आरोप; ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

सक्ती। जिले के करीगांव स्थित चंद्रा एच.पी. गैस ग्रामीण वितरक केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी में आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जबकि कोचियों और चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे सैकड़ों परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार गैस बुकिंग के कई दिनों बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। गैस खत्म होने के बाद महिलाएं और बुजुर्ग बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक ओर आम लोग सिलेंडर के लिए इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों को सीधे और आसानी से सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।


स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी की वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। समय पर गैस नहीं मिलने से ग्रामीण परिवारों के सामने भोजन बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।


उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने तथा सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों की मांग है कि गैस वितरण में हो रही कथित अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई कर आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button