सक्ती जिला

कोसमंदा में सोलर पंप केबल चोरी का खुलासा, मुखबिर की सूचना पर कबारीपाली से दबोचे गए दो आरोपी

केबल बरामद, वारदात में प्रयुक्त बाइक और चाकू भी जब्त

डभरा। थाना डभरा पुलिस ने कोसमंदा-सारडीह मार्ग स्थित मछली पालन तालाब से सोलर पंप एवं पनडुब्बी मोटर के केबल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 25 हजार रुपये मूल्य का 165 मीटर केबल, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा एक पीले रंग का चाकू जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सुमित गुप्ता के नेतृत्व में थाना डभरा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गुत्थी सुलझाई।

मछली तालाब में लगे सोलर पंप को बनाया था निशाना :- 

पुलिस के अनुसार ग्राम कोसमंदा निवासी रविशंकर रात्रे ने 20 जून को थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोसमंदा-सारडीह रोड स्थित उसके मछली पालन तालाब में लगे सोलर पंप और पनडुब्बी मोटर का केबल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए केबल की कीमत लगभग 25 हजार रुपये आंकी गई थी। शिकायत पर थाना डभरा में अपराध क्रमांक 225/2026 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो संदिग्ध युवक ग्राम कबारीपाली के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राजू बघेल (35 वर्ष), पिता लक्ष्मण बघेल तथा विश्वकर्मा यादव (25 वर्ष), पिता राजकुमार यादव, दोनों निवासी कबारीपाली, थाना डभरा, जिला सक्ती बताया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया।

निशानदेही पर बरामद हुआ चोरी का माल

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 165 मीटर केबल, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये है, बरामद कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एवं एक पीले रंग का चाकू भी जब्त किया गया।

न्यायालय में पेश, विवेचना जारी :- 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 20 जून की रात विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल, सहायक उपनिरीक्षक शंकर लाल साहू, प्रधान आरक्षक रमेश चंद्रा, आरक्षक योगेश राठौर एवं आरक्षक शैलेंद्र देवांगन का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button