सक्ती जिलासक्ती नगर

बिटिया आरवी के जन्मदिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नारायण सागर तालाब तट पर हुआ पौधारोपण, वार्ड-11 के पार्षद प्रतिनिधि संजय कश्यप की अनूठी पहल, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने की सराहना

सक्ती। जन्मदिन को यादगार और समाज के लिए प्रेरणादायी बनाने की दिशा में वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद प्रतिनिधि संजय कश्यप ने अपनी सुपुत्री आरवी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर के ऐतिहासिक नारायण सागर तालाब के तट पर वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।

पर्यावरण संरक्षण का दिया सकारात्मक संदेश

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी था। उपस्थित लोगों ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर पौधारोपण जैसी पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

नगर पालिका अध्यक्ष ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने संजय कश्यप की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि जन्मदिन को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का यह प्रयास अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन के विशेष अवसरों पर एक-एक पौधा भी लगाए और उसका संरक्षण करे, तो नगर को हरा-भरा बनाने का सपना आसानी से साकार हो सकता है।

सामाजिक संगठनों का मिला भरपूर सहयोग

पौधारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में गायत्री परिवार, सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार तथा साईं सेवा परिवार के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके नियमित संरक्षण का संकल्प लिया।

जनप्रतिनिधि एवं नागरिक रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष भारत यादव, गोविंद देवांगन, सुरेश साहू, गोविंदा निराला, पिंटू यादव, मनोज सोनी, चंदन देवांगन, हुलास देवांगन, कमलेश ठाकुर, प्रमेंद्र ठाकुर, हर्ष देवांगन, विजय, रमेश, राजा, दिवाकर, सोमनाथ, नरसिंह, देव, लाला, राजू प्रकाश सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

आरवी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों एवं नागरिकों ने बिटिया आरवी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं। सभी ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा देते हैं।

Related Articles

Back to top button