सक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती में गुमशुदगी के मामलों में पुलिस की जांच तेज, अपहरण की आशंका पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज

महिला, युवती, युवक और बच्चों के लापता होने के मामले; कई प्रकरणों में जांच जारी, कुछ लोगों के संबंध में मिली जानकारी

सक्ती। थाना सक्ती क्षेत्र में महिला, युवती, युवक और बच्चों के लापता होने के अलग-अलग मामले सामने आए हैं। परिजनों की शिकायत पर गुम इंसान के प्रकरण दर्ज कर पतासाजी कर रही पुलिस ने लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने और अपहरण अथवा व्यपहरण की आशंका के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस इन मामलों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई कर रही है।

अंजोरीपाली से विवाहिता लापता

ग्राम अंजोरीपाली निवासी दिनाबाई सिदार, उम्र 35 वर्ष, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गईं। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें गुप्त रूप से बंधक बनाकर रखने की आशंका जताई गई।

कनेटी से 20 वर्षीय युवती गायब

ग्राम कनेटी निवासी अनामिका पटेल, उम्र 20 वर्ष, 25 सितंबर को घर से लापता हो गईं। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे घर लौटने पर वह नहीं मिलीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस इस मामले में भी विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

जुलाई से लापता युवक की तलाश जारी

सक्ती के वार्ड क्रमांक 4 निवासी आमीन खान, उम्र 25 वर्ष, 29 जुलाई 2026 की शाम दुकान जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इस मामले में गुम इंसान क्रमांक 69/2026 दर्ज किया गया था। लंबे समय तक पता नहीं चलने पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

एक वर्षीय बच्ची के साथ महिला लापता

चपड़ा कारखाना नंदेली निवासी रिंकी लहरे, उम्र 23 वर्ष, 26 जुलाई को अपनी एक वर्षीय पुत्री अनाविका के साथ ग्राम मुनुंद में अपनी दीदी के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। उन्होंने मंगलवार को लौटने की बात कही थी, लेकिन वापस नहीं आईं। मोबाइल बंद मिलने और तलाश के बावजूद जानकारी नहीं मिलने पर गुम इंसान क्रमांक 68/2026 दर्ज किया गया। मामले में अपहरण की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है।

जून से लापता विवाहिता का नहीं मिला सुराग

ग्राम कर्रापाली निवासी लच्छनबाई यादव, उम्र करीब 30 वर्ष, 2 जून 2026 को बैंक में खाता खुलवाने के लिए सक्ती जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद वह घर नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिली। इस मामले में गुम इंसान क्रमांक 57/2026 दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

दो बच्चियों के साथ महिला लापता

ग्राम देवरमाल निवासी रीना खुंटे अपनी बेटियों अर्चना खुंटे, उम्र 10 वर्ष, और आंचल खुंटे, उम्र 7 वर्ष, के साथ 15 जुलाई 2026 को बांकी मोंगरा, कोरबा जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। वह अपनी बहन ननका बाई के यहां जाने वाली थीं, लेकिन पूछताछ में पता चला कि वहां नहीं पहुंची थीं। तलाश के बाद भी तीनों का पता नहीं चला। इस मामले में गुम इंसान क्रमांक 65/2026 दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

थानों और वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई जानकारी

पुलिस इन मामलों में परिजनों, सूचनाकर्ताओं और गवाहों से पूछताछ कर रही है। संभावित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां भी पतासाजी की जा रही है। लापता व्यक्तियों की जानकारी संबंधित थाना-चौकियों, जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेजी गई है।

पुलिस सुप्रीम कोर्ट के जी. गणेश बनाम स्टेट ऑफ तमिलनाडु एवं अन्य मामले में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में भी कार्रवाई कर रही है। जहां उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर अपहरण या व्यपहरण की आशंका बनती है, वहां अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

कुछ मामलों में जानकारी मिली, कई की जांच जारी : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी लखन पटेल ने बताया कि गुमशुदगी से जुड़े मामलों में नियमानुसार अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है। कुछ लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा चुकी है, जबकि कई मामलों में पतासाजी और विवेचना जारी है। पुलिस का प्रयास है कि लापता व्यक्तियों के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी जुटाकर उनका पता लगाया जा सके।

लखन पटेल
थाना प्रभारी, सक्ती

Related Articles

Back to top button