बहुचर्चित गोरखपाली हत्याकांड: मुख्य आरोपियों के बाद अब फरार आरोपी भी पहुंचा जेल

अरुण कुमार निराला। सक्ती। जिले के बहुचर्चित गोरखपाली कोटवार हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी सुकदेव उर्फ कालू कुर्रे (32 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ग्राम गोरखपाली, चौकी सकर्रा, थाना मालखरौदा का निवासी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को ग्राम गोरखपाली के डबरी तालाब के पास पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में कोटवार रथराम गोंड पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी आनंदराम कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा चुका है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी सुकदेव उर्फ कालू कुर्रे लगातार फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम गोरखपाली में घेराबंदी कर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक दामोदर जायसवाल, पुष्पेंद्र कंवर एवं आरक्षक सेतराम पटेल की सराहनीय भूमिका रही।




