सक्ती जिला

पोरथा में नशा मुक्ति जनजागरण रैली, ग्रामीणों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प

अरुण कुमार निराला। सक्ती। ग्राम पोरथा में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रज्ञा पीठ सक्ती के निर्देशन में नशा मुक्ति जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। सायं 5 बजे निकाली गई रैली ने गांव के विभिन्न गली-मोहल्लों का भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। रैली का समापन गायत्री मंदिर प्रांगण, स्कूल पारा में आयोजित सभा के रूप में हुआ।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ गायत्री के पूजन-अर्चन से किया गया। महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्षा श्रीमती मालती सोनी ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संपर्क प्रमुख विनोद यादव ने नशे को समाज के लिए जहर बताते हुए युवाओं से हर प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया। वहीं पूंजीराम चौहान ने नशा मुक्ति पर आधारित कविता के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।


गायत्री परिवार सक्ती के जिला समन्वयक भगतराम साहू ने शराब, तंबाकू और गुटखा सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों तथा सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि अपराध और भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा देता है।
सभा का संचालन महेशराम साहू ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने नशा नहीं करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।


इस जनजागरण अभियान को सफल बनाने में रामनाम कीर्तन मंडली, कल्याणी सेवा समिति, महिला स्व-सहायता समूह, दुर्गा बाल विकास समिति, सरस्वती शिशु मंदिर, ग्राम पंचायत, जनपद सदस्य राजू राठौर, गायत्री परिवार के परिजनों, विभिन्न राजनीतिक दलों एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


“नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” के संदेश के साथ आयोजित यह अभियान ग्रामीणों में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button