दो रौताही मेले को लेकर बढ़ा विवाद, अंतिम फैसले पर टिकी शहरवासियों की नजर

जनप्रतिनिधियों में भी मतभेद: कोई दो मेले के पक्ष में तो कोई एक मेला लगाने की कर रहा पैरवी
सक्ती। नगर की वर्षों पुरानी परंपरा और पहचान से जुड़े रौताही मेले को लेकर इस बार नया विवाद सामने आ गया है। सक्ती में इस वर्ष दो स्थानों पर रौताही मेला लगाने की चर्चा और तैयारियों ने शहर में असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। स्टेशन रोड और बुधवारी बाजार में मेला लगाने की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं, लेकिन नगर पालिका की ओर से अब तक इस संबंध में अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। ऐसे में अब पूरे शहर की नजर नगर पालिका और प्रशासन के फैसले पर टिकी हुई है।गौरतलब है कि सक्ती के रौताही मेले का अपना ऐतिहासिक और पारंपरिक महत्व रहा है। नगर के इतिहास में अब तक रौताही मेला एक ही स्थान पर आयोजित होता आया है। ऐसे में इस बार दो अलग-अलग स्थानों पर मेला लगाने की पहल ने परंपरा, आयोजन व्यवस्था और शहर की सुविधाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है। आगामी 9 दिसंबर से मेला प्रारंभ होना है, लेकिन आयोजन को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच ही अलग-अलग राय सामने आने से निर्णय में देरी होती दिखाई दे रही है।
स्टेशन रोड और बुधवारी बाजार में तैयारियां शुरू :-
एक ओर स्टेशन रोड पर रौताही मेला लगाने की तैयारी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर बुधवारी बाजार में भी मेले के आयोजन को लेकर गतिविधियां शुरू हो गई हैं। दोनों स्थानों पर मेला लगाने की संभावनाओं के बीच व्यापारियों, नागरिकों और आयोजन से जुड़े लोगों में यह सवाल बना हुआ है कि आखिर इस वर्ष मेला एक स्थान पर लगेगा या दो अलग-अलग स्थानों पर। समय कम होने के बावजूद निर्णय नहीं हो पाने से तैयारियों को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
बुधवारी बाजार पहुंचे तहसीलदार, किया निरीक्षण
मामले को लेकर तहसीलदार लीलाधर चंद्रा ने सीएमओ विक्रम भगत के साथ बुधवारी बाजार पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल की स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में तहसीलदार का कहना है कि निरीक्षण के बाद वस्तुस्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला लाने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। इससे स्पष्ट है कि फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर भी अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा की जा रही है।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बोले-दो मेले नहीं लगने चाहिए :-
दो स्थानों पर मेला आयोजन को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अपनी असहमति जताई है। उनका कहना है कि सक्ती में दो रौताही मेले नहीं लगने चाहिए। बुधवारी बाजार में शराब दुकान के समीप मेला आयोजित करना उचित नहीं है। ऐसे स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होने से अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रह सकती है। उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बुधवारी बाजार में मेला नहीं लगाने की बात कही है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने दो मेले लगाने का किया समर्थन :-
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल की राय इससे अलग है। उनका मानना है कि सक्ती में दो स्थानों पर रौताही मेला आयोजित होने से नगर की भव्यता बढ़ेगी। दो स्थानों पर मेले लगने से दोनों आयोजनों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक माहौल बनेगा और लोगों को अलग-अलग आकर्षण देखने का अवसर मिलेगा। उनका कहना है कि दो स्थानों पर मेला लगने से भीड़ का विभाजन होगा, जिससे एक ही स्थान पर अत्यधिक यातायात दबाव नहीं बनेगा। इससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ मेले का अधिक आनंद उठाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने दो मेले आयोजित किए जाने का समर्थन किया है।
परंपरा, सुरक्षा और सुविधा के बीच उलझा फैसला :-
रौताही मेला केवल मनोरंजन और खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि सक्ती की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में दो स्थानों पर मेला लगाने के समर्थक जहां इसे नगर के विस्तार, भव्यता और बेहतर भीड़ प्रबंधन से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं विरोध करने वालों का तर्क है कि ऐतिहासिक परंपरा को बनाए रखने के साथ सुरक्षा और आयोजन स्थल की उपयुक्तता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
9 दिसंबर से मेला, लेकिन अंतिम निर्णय का इंतजार:-
मेला प्रारंभ होने में अब बहुत कम समय शेष है। इसके बावजूद दो मेले अथवा एक ही मेला आयोजित किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। जनप्रतिनिधियों के अलग-अलग मत, आयोजन स्थलों पर शुरू हुई तैयारियां और प्रशासनिक निरीक्षण के बीच अब अंतिम निर्णय की जिम्मेदारी नगर पालिका एवं प्रशासन पर आ गई है। शहरवासी भी इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि वर्षों पुरानी रौताही मेले की परंपरा इस बार किस स्वरूप में आगे बढ़ेगी। अब देखना होगा कि प्रशासन एक स्थान पर मेला लगाने का निर्णय लेता है या दो स्थानों पर आयोजन की अनुमति देकर सक्ती को दो रौताही मेलों की सौगात मिलती है।




