लगातार बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में खड़ी धान की फसल पर संकट

कटाई-मिंजाई का काम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ
धान खरीदी व्यवस्था के सामने भी चुनौती
सक्ती। जिले में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अभी अधिकांश क्षेत्रों में धान की कटाई का काम पूरी तरह शुरू भी नहीं हो पाया है, वहीं मौसम में आए बदलाव और लगातार हो रही बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों के सामने अब फसल की कटाई, मिंजाई और सुरक्षित भंडारण की चुनौती खड़ी हो गई है।
खेतों में खड़ी फसल को लेकर किसान चिंतित :-
किसानों के अनुसार धान की फसल अभी पूरी तरह तैयार होकर कटाई के चरण में नहीं पहुंची है। ऐसे समय में लगातार बारिश होने से खेतों में पानी भरने, फसल के गिरने और कटाई में देरी होने की समस्या उत्पन्न हो सकती है। बारिश का सिलसिला जारी रहने पर धान की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ किसानों की मेहनत पर भी पानी फिरने की आशंका है। बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ने से हार्वेस्टर और अन्य कृषि उपकरणों के संचालन में परेशानी आ रही है। वहीं कटाई के बाद धान की मिंजाई, सुखाई और सुरक्षित भंडारण करना भी किसानों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मौसम साफ नहीं होने से कृषि कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।
धान खरीदी व्यवस्था पर भी पड़ सकता है असर :-
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 129 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की गई है। ऐसे में लगातार बारिश के बीच आगामी दिनों में किसानों की उपज केंद्रों तक पहुंचने पर उसके सुरक्षित भंडारण और समय पर उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा।
प्रशासन से किसानों को राहत देने की अपेक्षा :-
किसानों का कहना है कि मौसम की मार से पहले ही खेती की लागत और मेहनत बढ़ चुकी है। ऐसे में प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों की स्थिति का आकलन करने के साथ किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करनी चाहिए। लगातार बारिश के बीच अब किसानों की निगाहें मौसम साफ होने पर टिकी हुई हैं।



