तुर्री में 24 नवंबर को मनेगी देवों की दिवाली, बनारस की तर्ज पर होगी भव्य गंगा आरती

महादेव महाआरती, 56 भोग प्रसाद, होगी भव्य आतिशबाजी
सक्ती। धार्मिक आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में तुर्रीधाम की पावन धरा पर 24 नवंबर, मंगलवार को देवों की दिवाली का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जगत के देवी-देवताओं के आगमन की धार्मिक मान्यता के अनुरूप पूरे आयोजन को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। आयोजन शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में महादेव महाआरती के साथ बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
56 भोग और आकर्षक झांकियां होंगी खास :-
धार्मिक कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार, 56 भोग प्रसाद अर्पण, भव्य आतिशबाजी और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति की जाएगी। दीपों की रोशनी और भक्ति के वातावरण में पूरा आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनेगा।
देवों की दिवाली को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन के माध्यम से धार्मिक परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को भव्य रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से 24 नवंबर को शाम 6 बजे तुर्री पहुंचकर इस पावन आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।




