सक्तीसक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती में दो रौताही मेले के आयोजन का भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने किया विरोध

पांच दशक पुरानी परंपरा बरकरार रखने की मांग, सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षित स्थान पर ही मेला लगाने पर दिया जोर

सक्ती। नगर की ऐतिहासिक एवं पारंपरिक पहचान रौताही मेला के आयोजन को लेकर इस वर्ष विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है। नगर पालिका परिषद द्वारा पहली बार एक साथ दो रौताही मेले आयोजित करने का निर्णय लिए जाने पर भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि दो मेले आयोजित करने का निर्णय न केवल पांच दशक से अधिक पुरानी परंपरा के विपरीत है, बल्कि यह नगर की जनता की मंशा के अनुरूप भी नहीं है।

एक मेला आयोजन की रही है परंपरा

सक्ती नगर में वर्षों से एक ही रौताही मेला आयोजित होता आ रहा है। विगत कुछ वर्षों से स्टेशन रोड में मेला आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में इस वर्ष दो अलग-अलग स्थानों पर मेले आयोजित करने के निर्णय को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि नगर पालिका परिषद को पहली बार परंपरा से हटकर यह निर्णय लेना पड़ा।

बुधवारी बाजार में सुरक्षा को लेकर चिंता

भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि पूर्व में बुधवारी बाजार में आयोजित मेले के दौरान अप्रिय घटनाएं घटित हो चुकी हैं। मेले के समीप ही एक व्यक्ति की मौत की घटना भी हुई थी। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए बुधवारी बाजार में दोबारा मेला आयोजित करना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बुधवारी बाजार के समीप शराब दुकान संचालित होने के कारण मेले में आने वाली महिलाओं, बच्चों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहेगी।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि

अभिषेक शर्मा ने कहा कि रौताही मेला नगर का पारंपरिक और पारिवारिक आयोजन है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और परिवार के लोग पहुंचते हैं। इसलिए मेले के आयोजन स्थल का चयन करते समय सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। केवल आयोजन की व्यवस्था करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वहां आने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर एक ही मेला कराने की मांग

भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि सक्ती की पुरानी परंपरा को बरकरार रखते हुए एक ही रौताही मेला आयोजित किया जाए तथा इसके लिए सुरक्षित और उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए। नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर इस विषय में उचित निर्णय लेने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूर्व की घटनाओं, महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और नगरवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ही मेले के आयोजन का निर्णय लेना चाहिए। रौताही मेला सक्ती की सांस्कृतिक पहचान और जनभावनाओं से जुड़ा आयोजन है, इसलिए इसकी परंपरा और गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button