सक्तीसक्ती जिलासक्ती नगर

अकवान चक्रवात को लेकर कृषि विभाग की एडवाइजरी जारी, फसल नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना

फसल बीमा कराने वाले किसानों के लिए जरूरी निर्देश, नुकसान की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 14447 जारी

सक्ती, 21 नवंबर 2026। अकवान चक्रवात के प्रभाव से संभावित असामयिक वर्षा एवं फसल क्षति की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग जिला सक्ती ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने जिले के समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति होने पर निर्धारित समय-सीमा में सूचना देना सुनिश्चित करें।

फसल नुकसान होने पर 72 घंटे में दें सूचना

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि चक्रवात के कारण यदि किसानों की अधिसूचित फसल को नुकसान होता है, तो इसकी सूचना क्षति होने के 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 (कृषि रक्षक पोर्टल) पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।

सूचना देते समय रखें ये जानकारियां

शिकायत दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, ग्राम, विकासखंड, तहसील एवं जिला, खसरा नंबर, प्रभावित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण तथा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना होगा।

10 दिनों के भीतर होगा सर्वेक्षण

विभागीय जानकारी के अनुसार सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी द्वारा 10 दिनों के भीतर प्रभावित खेतों का सर्वेक्षण कर सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इस प्रक्रिया से प्रभावित किसानों को नियमानुसार फसल बीमा दावा भुगतान की कार्रवाई में सहायता मिलेगी।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहें और फसल नुकसान की स्थिति में बिना देरी किए निर्धारित समय-सीमा के भीतर बीमा कंपनी को सूचना दें, ताकि उन्हें फसल बीमा योजना का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।

Related Articles

Back to top button