जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत, चेम्बर अध्यक्ष बोले – साय जी के विज़नरी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को मिली वैश्विक पहचान

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी 10 दिवसीय जापान और दक्षिण कोरिया विदेश यात्रा के बाद जब स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचे तो प्रदेशवासियों और व्यापारिक समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी, कार्यकारी अध्यक्ष श्री लालित जयसिंघ सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।
चेम्बर अध्यक्ष श्री थौरानी ने कहा कि मुख्यमंत्री साय जी के नेतृत्व में राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति को वैश्विक पहचान मिल रही है। उनके विदेश प्रवास से प्रदेश में निवेश के नए रास्ते खुले हैं, जिससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता, युवाओं की स्किलिंग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
थौरानी ने बताया कि ओसाका (जापान) में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 के पहले दिन ही छत्तीसगढ़ पैवेलियन में 22 हजार से अधिक दर्शक पहुंचे। पवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक क्षमता और पर्यटन की संभावनाओं को सुंदर रूप से प्रस्तुत किया गया, जिसने वैश्विक स्तर पर छत्तीसगढ़ की ताक़त का परिचय कराया।
विदेश यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री साय जी ने जापानी कंपनी सरताज फूड्स से 100 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया। इससे किसानों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही ATCA और ICCK के साथ समझौते प्रदेश की औद्योगिक साझेदारी को मजबूत बनाएंगे। दक्षिण कोरिया की कंपनियों को ईवी चार्जिंग, रेलवे और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में निवेश का आमंत्रण दिया गया है।
चेंबर उपाध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल, मनीष कथूरिया, प्रदेश मंत्री सुमित सराफ और शक्ति इकाई अध्यक्ष मुकेश बंसल ने बताया कि औद्योगिक नीति 2024-30 के लागू होने से छत्तीसगढ़ निवेश का पसंदीदा गंतव्य बन रहा है।



