लिटिल फ्लावर स्कूल में हिंदी दिवस की गूंज, विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने मन मोह लिया

सक्ती। लिटिल फ्लावर स्कूल में हिंदी दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण से हुई, जिसमें विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार पटेल, साहित्यकार केशव प्रसाद दिव्य और मनीषा भारद्वाज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय संचालक टी.पी. उपाध्याय एवं मोहम्मद अनीस शेख ने दीप प्रज्वलन में सहयोग दिया।
सरस्वती वंदना के बाद विद्यार्थियों ने कवि सम्मेलन, वाद-विवाद, गीत, कविता और भाषण प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा कवि-लेखकों की प्रदर्शनी और रचनात्मक शैली में दिया गया परिचय विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

शिक्षा अधिकारी दिलीप पटेल ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि हमारे देश में चाहे जितनी भाषाएं हों, लेकिन हिंदी हमारी मातृभाषा है और हमें इस पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में उत्साह और हिंदी भाषा के प्रति प्रेम जगाते हैं।
साहित्यकार केशव प्रसाद दिव्य ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों की रुचियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। मनीषा भारद्वाज ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य संध्या सोनी ने साहित्यकार केशव प्रसाद दिव्य को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, विद्यालय संचालक टी.पी. उपाध्याय और मोहम्मद अनीस शेख ने भी मुख्य अतिथियों को सम्मानित किया।
अंत में संचालक टी.पी. उपाध्याय ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हिंदी दिवस का यह भव्य आयोजन बच्चों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ।




