शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी 4 घंटे में गिरफ्तार, भेजा गया जेल

अरुण कुमार निराला। डभरा/सक्ती। महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डभरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने वाले आरोपी को महज 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रायगढ़ जिले के जेलपारा निवासी अशोक कुमार चौहान (26 वर्ष) ने परिचय होने के बाद उससे शादी करने का वादा किया और इसी प्रलोभन में लगातार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 190/26 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा सुमित गुप्ता के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे चंद्रपुर क्षेत्र से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल सक्ती भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक चंद्राकला सोन, प्रधान आरक्षक रमेश चंद्रा, आरक्षक शैलेंद्र देवांगन, जोगेश राठौर एवं एकेश्वर चंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




