सक्ती जिला

जिले में कोचिया बिचौलियों द्वारा अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पाए जाने पर करे त्वरित कार्रवाई-कलेक्टर

विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से की गई समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश*

सक्ती/ कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले में चल रहे धान खरीदी कार्य के दौरान कोचिया, बिचौलियों द्वारा किसी भी प्रकार से अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर ने जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए है। साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा सभी विभागों में आमजनता से प्राप्त आवेदनों तथा समय सीमा के लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। 

         समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री तोपनो ने धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखें । उन्होंने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में बारदाना, किसानों के लिए छाया, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिले में सुव्यस्थित ढंग से धान खरीदी कार्य करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर ने आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के लिए किए जा रहे तैयारियों की जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी से ली। कलेक्टर ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को आगामी निर्वाचन कार्य के लिए रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति, सेक्टर ऑफिसर की नियुक्ति, रूट चार्ट, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना कक्ष की स्थापना, मतदान केंद्रों की सुव्यस्थित स्थापना, मतदान दलों तथा सेक्टर ऑफिसर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के लिए वाहन आदि की जानकारी संकलित कर निर्धारित समय पर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

        बैठक में कलेक्टर द्वारा जिले में एडीबी अंतर्गत सड़कों के निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुवे प्रगतिरत निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने जिले में आमजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाने तथा आमजनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए सभी ब्लॉक के चिन्हांकित ग्रामों में शुरू किए गए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर अंतर्गत 22 नवम्बर 2024, शुक्रवार को विकासखंड सक्ती के हाई स्कूल बरपालीकला में शिविर आयोजन की व्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

            समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ई-केवायसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए है। कलेक्टर द्वारा राशनकार्ड नवीनीकरण के कार्य, पीडीएस दुकानों के न्यायालयीन लंबित प्रकरण, राशनकार्डधारी सदस्यों के ई-केवाईसी की अद्यतन स्थिति, पीडीएस बारदाना संकलन आदि की जानकारी लेते हुवे आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका भर्ती प्रक्रिया के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। 

         बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने ई-श्रम पोर्टल में श्रमिको की एंट्री, पेंशन प्रकरण, जल जीवन मिशन के कार्य आदि की भी जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा सहकारिता विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button