सक्ती पहुंचे भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, वरिष्ठ नेता रामअवतार अग्रवाल के निवास पर हुआ आत्मीय स्वागत

संगठनात्मक विषयों पर हुई सार्थक चर्चा; रामू रोहरा, निर्मल सिन्हा, टिकेश्वर गबेल, भवानी प्रसाद तिवारी और अभिषेक शर्मा सहित कार्यकर्ता रहे मौजूद
सक्ती। भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के सक्ती आगमन पर सोमवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल के निज निवास पर आत्मीय स्वागत किया गया। घर के मुखिया रामअवतार अग्रवाल ने परिवारजनों के साथ पवन साय का अभिनंदन किया। इस दौरान पारिवारिक एवं आत्मीय वातावरण में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भेंट-मुलाकात हुई।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने को लेकर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। स्वल्पाहार के साथ हुई इस मुलाकात में कार्यकर्ताओं ने भी संगठन महामंत्री से संवाद किया।
इस अवसर पर भाजपा संभाग प्रभारी रामू रोहरा, पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा, भाजपा सक्ती जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, जिला मंत्री भवानी प्रसाद तिवारी एवं नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
परिवारजनों से भी की आत्मीय मुलाकात
पवन साय ने रामअवतार अग्रवाल के परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान परिवारजनों एवं उपस्थित भाजपा नेताओं के साथ स्मरणीय तस्वीर भी ली गई। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और संगठनात्मक चर्चा के बीच हुई यह मुलाकात आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण रही।




