जुआ की लत ने बनाया चोर, दो बड़ी चोरियों का आरोपी गिरफ्तार

आंगनबाड़ी केंद्र और सूने मकान में चोरी करने वाला शातिर पुलिस के हत्थे चढ़ा, चोरी की बाइक भी बरामद
सक्ती। सक्ती पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी जुआ खेलने की लत के कारण पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करोरपारा सक्ती के पास एक युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में मोटरसाइकिल सहित मौजूद है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर भागीरथी साहू (27 वर्ष), निवासी डूमरपाली, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ग्राम हरेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा वार्ड क्रमांक 06 सक्ती के एक मकान में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि सितंबर 2025 में उसने आंगनबाड़ी केंद्र की खिड़की से अंदर घुसकर टीवी, टेबल फैन, एग्जॉस्ट फैन, ट्यूब लाइट एवं खाद्य सामग्री सहित लगभग 20 हजार रुपये के सामान की चोरी की थी। वहीं जनवरी 2026 में बुधवारी बाजार क्षेत्र स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर चांदी के सिक्के, कांसे के बर्तन और नगदी सहित करीब 15 हजार रुपये की चोरी की थी।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह उड़ीसा के बेलपहाड़ से एक लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर लाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का मशरूका और मोटरसाइकिल बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया है।




