बम्हनीडीह में गूंजेगा चुनावी शंखनाद, उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे जनसभा को संबोधित

भाजपा घोषणा पत्र का होगा विमोचन, कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
बम्हनीडीह। नगर पंचायत चुनाव को लेकर बम्हनीडीह में आज राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाने वाला है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार 29 मई को बाजार पारा, बम्हनीडीह में विशाल चुनावी जनसभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनसभा सुबह 10 बजे शुरू होगी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे और कार्यकर्ताओं व आमजन को संबोधित करते हुए पार्टी की योजनाओं और विकास कार्यों को सामने रखेंगे।
सभा में सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष एवं चुनाव प्रभारी अनुराग सिंह देव, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े तथा भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिला इकाई द्वारा कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर आयोजित यह जनसभा क्षेत्र की राजनीति में अहम मानी जा रही है और इसे भाजपा के चुनावी शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।




