जांजगीर चांपा : वायरल ऑडियो से मचा बवाल: जल संसाधन विभाग के ईई पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन, अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप

कथित अभद्र ऑडियो वायरल होने के बाद गरमाई सियासत, विभागीय कार्यशैली और सुशासन पर उठे गंभीर सवाल
जांजगीर-चांपा। जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित ऑडियो ने प्रशासनिक महकमे में भूचाल ला दिया है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) से जुड़ा बताया जा रहा यह ऑडियो वायरल होते ही प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में जबरदस्त हलचल शुरू हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जांजगीर-चांपा ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित ईई के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा शासन को भेज दी है। सूत्रों के मुताबिक वायरल ऑडियो में विभागीय अधिकारी और वाहन चालक के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें कथित रूप से अपमानजनक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल सुनाई दे रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में इसकी चर्चा तेज हो गई और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे।
“पद का रौब या प्रशासनिक मर्यादा का उल्लंघन?” जनता में तेज हुई बहस
वायरल ऑडियो के बाद आम लोगों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी अधीनस्थ कर्मचारियों से इस तरह की भाषा में बात करता है, तो यह प्रशासनिक अनुशासन और सेवा आचरण नियमों की गंभीर अवहेलना मानी जाएगी। लोगों का कहना है कि शासन लगातार सुशासन और जवाबदेही की बात करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर ऐसे मामले सामने आना चिंताजनक है। मामले में कलेक्टर द्वारा तत्काल जांच कराए जाने और कार्रवाई की अनुशंसा भेजे जाने को प्रशासनिक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। चर्चाएं इस बात की भी हैं कि यदि इस मामले में कठोर कदम उठते हैं, तो यह पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए बड़ा संदेश साबित होगा।
लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थापना को लेकर भी उठने लगे सवाल
वायरल ऑडियो के बाद अब संबंधित अधिकारी की लंबे समय से जिले में पदस्थापना को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक संगठनों का कहना है कि लंबे समय तक एक ही जिले में पदस्थ रहने से प्रभाव और दबाव की स्थिति बनती है, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। हालांकि अब तक किसी भी वित्तीय अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
कर्मचारी का वेतन रोकने के आरोप से और बढ़ा विवाद:
मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। जानकारी के अनुसार विभागीय वाहन चालक को एसडीएम कार्यालय अकलतरा में संलग्न किया गया था, लेकिन बाद में उसे मूल विभाग में वापस नहीं बुलाया गया। आरोप है कि इसी कारण कर्मचारी के वेतन भुगतान में परेशानी उत्पन्न हुई। इसे लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब सबकी निगाहें शासन के फैसले पर
कलेक्टर की अनुशंसा के बाद अब पूरे जिले की नजर राज्य शासन और जल संसाधन विभाग के आगामी फैसले पर टिक गई है। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि यदि इस मामले में कड़ी कार्रवाई होती है, तो यह अधिकारियों के लिए स्पष्ट संदेश होगा कि पद और प्रभाव से ऊपर प्रशासनिक मर्यादा और अनुशासन है।




