10 मिनट के तूफान ने उजाड़ दी बिजली व्यवस्था, सक्ती शहर के कई वार्डों में 30 घंटे से अंधेरा, लोगों में भारी आक्रोश

सक्ती। महज 10 मिनट चली तेज आंधी और तूफान ने सक्ती शहर की विद्युत व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। शहर के राजा पारा वार्ड नंबर 3 सहित कई इलाकों में पिछले लगभग 30 घंटे से बिजली पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार बिजली गुल रहने से लोगों को भीषण गर्मी, पेयजल संकट और मोबाइल नेटवर्क जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और कमजोर व्यवस्थाओं के कारण छोटी सी प्राकृतिक आपदा ने पूरे शहर को अंधेरे में धकेल दिया। लोगों का कहना है कि यदि विद्युत लाइन और उपकरणों का समय-समय पर रखरखाव किया जाता तो इतनी लंबी बिजली कटौती की नौबत नहीं आती।
राजा पारा, वार्ड नंबर 3 के रहवासियों ने बताया कि रातभर लोग गर्मी और मच्छरों से परेशान रहे। घरों में पानी की मोटर नहीं चल पाने से पानी की समस्या भी गहरा गई है। छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शहरवासियों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि बिजली विभाग की ओर से सुधार कार्य को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने, क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत तेज करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए मजबूत विद्युत ढांचा तैयार करने की मांग की है।




