बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार से सशक्त होगा सक्ती नगर — स्टेशन रोड पर बैंक ऑफ इंडिया की शाखा प्रारंभ, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने किया उद्घाटन, विशिष्ट अतिथि रहे श्याम सुंदर अग्रवाल

सक्ती। नगर के स्टेशन रोड में बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा का शुभारंभ शुक्रवार को गरिमामय समारोह के बीच किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी श्याम सुंदर अग्रवाल ने अपनी उपस्थिति दी।
मंच पर बैंक ऑफ इंडिया की आंचलिक प्रबंधक सुश्री गायत्री कांपा भी उपस्थित रहीं। शाखा का संचालन 7 नवंबर से विधिवत प्रारंभ हो गया है।

मुख्य अतिथि कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने शाखा परिसर का अवलोकन किया और शुभारंभ अवसर पर कहा कि “बैंकिंग सेवाओं का विस्तार आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। स्टेशन रोड क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा खुलने से आसपास के नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं को वित्तीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।”
विशिष्ट अतिथि श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि “सक्ती नगर तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। स्टेशन रोड क्षेत्र व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है, जहाँ इस शाखा का खुलना व्यापारियों और आमजन दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।”


आंचलिक प्रबंधक सुश्री गायत्री काम्पा ने बताया कि “बैंक ऑफ इंडिया अपने ग्राहकों को नवीनतम डिजिटल सुविधाएँ प्रदान कर रहा है। इस शाखा में डिजिटल बैंकिंग, ऋण सुविधा, जनधन योजना, अटल पेंशन योजना जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे ग्राहकों को बैंकिंग का नया अनुभव मिलेगा।”
शाखा प्रबंधक ने बताया कि “शाखा के शुभारंभ के साथ ही खातों का संचालन प्रारंभ हो चुका है। हम नागरिकों को तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, नगर के व्यापारीगण, गणमान्य नागरिक एवं बैंक कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलन, फीता काटकर उद्घाटन, स्वागत उपहार वितरण और ग्राहकों के सम्मान के साथ आयोजन संपन्न हुआ।




