मारवाड़ी युवा मंच ने विद्यार्थियों को बांटी पाठ्य सामग्री, साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में हुआ आयोजन, एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर व डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा ने विद्यार्थियों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
सक्ती। सामाजिक सरोकारों और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए मारवाड़ी युवा मंच, सक्ती शाखा के तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, पुलिस अधिकारी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा एवं नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों एवं मंच के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साइबर अपराध से बचने जागरूकता बेहद जरूरी : एसपी ठाकुर
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि मोबाइल फोन और इंटरनेट आज शिक्षा एवं दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इनका उपयोग पूरी सावधानी के साथ किया जाना चाहिए। साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप डाउनलोड करने तथा सोशल मीडिया पर अपरिचित लोगों से बिना सावधानी संपर्क करने से बचना चाहिए।
सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में बरतें सावधानी
डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग सकारात्मक तथा शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए। किसी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक अथवा ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में बच्चों को तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को जानकारी देनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर अपनी फोटो, लोकेशन और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां साझा करने में विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी।
शिक्षा में सहयोग सबसे सार्थक सामाजिक सेवा : मनीष कथूरिया
मारवाड़ी युवा मंच सक्ती शाखा के अध्यक्ष मनीष कथूरिया ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किया गया सहयोग समाज के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में सबसे सार्थक योगदान है। मंच का प्रयास है कि सामाजिक गतिविधियों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और जनजागरूकता के क्षेत्र में भी लगातार काम किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने में सहयोग करना भी मंच की प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी विद्यालयों और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बच्चों की शिक्षा और जागरूकता से मजबूत होगा समाज : श्याम सुंदर अग्रवाल
नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने मारवाड़ी युवा मंच की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिलेगा तो आने वाली पीढ़ी अधिक जागरूक और जिम्मेदार बनेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी देना भी आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को एक ही मंच पर शैक्षणिक सहयोग और उपयोगी जागरूकता दोनों मिलती हैं। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से शिक्षा और जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास लगातार जारी रखने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों के चेहरों पर दिखा उत्साह
पाठ्य सामग्री प्राप्त करने के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। मंच के सदस्यों ने बच्चों को नियमित अध्ययन करने, शिक्षकों एवं अभिभावकों का सम्मान करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि मंच समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आगे भी आयोजित करता रहेगा। शिक्षा के साथ साइबर जागरूकता को जोड़कर आयोजित इस कार्यक्रम की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में मंच के संरक्षक संजय रामचंद, राजकुमार अग्रवाल (राजू), सुधीर सराफ, प्रकाश अग्रवाल, महेंद्र जिंदल एवं रवि अग्रवाल, अध्यक्ष मनीष कथूरिया सहित मानस अग्रवाल, गजेंद्र डालमिया, अनुराग जिंदल, राजीव अग्रवाल, सुमित शर्मा, मुकेश अग्रवाल एवं अनिल सराफ सहित अन्य सदस्य एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।




