सक्ती जिला

समर्पण को मिला सम्मान — मालखरौदा थाना प्रभारी अनवर अली ने नव पदस्थ आरक्षक सुनील नेताम को किया सम्मानित

मालखरौदा। थाना मालखरौदा में बुधवार को एक प्रेरणादायी और भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब थाना प्रभारी अनवर अली ने नव पदस्थ आरक्षक सुनील नेताम का विशेष रूप से सम्मान किया। सुनील नेताम की यह पहली पदस्थापना है, और उनके समर्पण व सेवा भावना को देखते हुए थाना प्रभारी ने एक मिसाल पेश करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अनवर अली ने आरक्षक सुनील नेताम को उपहार स्वरूप एक स्मृति चिन्ह, तथा उनकी माता जी के लिए साड़ी और मिठाई भेंट की। इस पल ने न केवल आरक्षक को गौरवान्वित किया, बल्कि मौजूद सभी पुलिसकर्मियों और अतिथियों के दिलों को भी छू लिया।

अनवर अली ने इस अवसर पर कहा कि – “पुलिस बल में शामिल प्रत्येक जवान हमारे परिवार का हिस्सा है। उनकी मेहनत, निष्ठा और समर्पण ही पुलिस विभाग की सच्ची पहचान है। पहली पदस्थापना किसी भी जवान के जीवन का अहम पड़ाव होती है, और इस अवसर पर सम्मान देकर हम उनके मनोबल को और ऊँचा उठाना चाहते हैं।”

इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि  भी उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने थाना प्रभारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जवानों में नई ऊर्जा का संचार होता है और कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।

कार्यक्रम के अंत में आरक्षक सुनील नेताम ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि – “यह सम्मान मेरे लिए गर्व का क्षण है। यह प्रेरणा देगा कि मैं पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूं।”

थाना परिसर में आयोजित इस छोटे लेकिन सार्थक समारोह ने एक सकारात्मक माहौल बनाया और यह संदेश दिया कि समर्पित सेवा का सम्मान हमेशा प्रेरणा का कारण बनता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button