सक्ती जिला

ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, 18 हजार से ज्यादा बोरे जलकर खाक,धुएं के गुबार से दहला इलाका, करोड़ों के नुकसान की आशंका

बीजापुर। जिले के ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक धुएं का विशाल गुबार दिखाई देने लगा। घटना में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता भंडारण के लिए ईटपाल क्षेत्र में एक किराए का गोदाम लिया गया था, जहां करीब 18 हजार से अधिक तेंदूपत्ता के बोरे रखे गए थे। दोपहर लगभग 2:30 बजे अचानक गोदाम में आग भड़क उठी। तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्काल पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, पुलिस और नगर पालिका की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। घंटों मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी रही।


स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद तेंदूपत्ता भंडारण केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button