सक्ति में दीवार में छुपा तहखाना पकड़ में आया, आबकारी टीम ने दो आरोपियों को जेल भेजा

अवैध महुआ शराब बिक्री की मुखबिर सूचना पर आबकारी टीम की छापामार कार्रवाई, कुल 36 लीटर शराब बरामद
सक्ती। सक्ती कलेक्टर के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सक्ती ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वार्ड नंबर 15 परसदाखुर्द थाना क्षेत्र में सतखोजन जांगड़े पिता छोटू जांगड़े द्वारा अवैध शराब बेचने की मुखबिर सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की टीम ने पहले छद्म खरीददार के माध्यम से शराब की खरीदारी कराई। बिक्री की पुष्टि होने पर छापामार कार्रवाई की गई। आरोपी के घर से एक प्लास्टिक बोरी में छिपाई गई 2 पीले प्लास्टिक जरीकेन में 10 लीटर और 7 प्लास्टिक बोतलों में प्रत्येक 2 लीटर, कुल 24 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
इसी प्रकार ग्राम परसदाखुर्द में महुआ शराब बिक्री की शिकायत पर ब्रिजलाल जांगड़े पिता बूंदराम के यहां छापामारी की गई। यहां से 6 प्लास्टिक बोतलों में प्रत्येक 2 लीटर, कुल 12 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। टीम ने पाया कि शराब को दीवार में चुनवा कर तहखाने की तर्ज पर छुपाया गया था, और ऊपर दीवार पर फ्लेक्स बैनर भी लगाया गया था।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय से रिमांड लेकर उन्हें जेल दाखिल किया गया। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल की टीम के साथ आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, महिला स्टाफ भारती यादव, कमलेश यादव, परस कहरा एवं नगर सैनिकों का योगदान सराहनीय रहा। सक्ती में आबकारी विभाग की यह कार्रवाई अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख का प्रमाण है और लोगों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




