महिला मोर्चा से लेकर जिला मंत्री तक का अनुभव, अब अन्नपूर्णा राठौर संभालेंगी भाजपा जिला उपाध्यक्ष का दायित्व

सक्ती – पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं पूर्व मंडी उपाध्यक्ष सुश्री अन्नपूर्णा राठौर को भारतीय जनता पार्टी संगठन ने जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय अन्नपूर्णा राठौर 1998 में मंडल उपाध्यक्ष, जांजगीर-चांपा जिले की महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तथा पूर्व कार्यकाल में जिला मंत्री की भूमिका निभा चुकी हैं। संगठन में उनके अनुभव और सक्रियता को देखते हुए उन पर यह भरोसा जताया गया है।
नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अन्नपूर्णा राठौर ने कहा – “यह जिम्मेदारी मुझे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय और जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल की अनुशंसा पर मिली है। मैं उन सभी की आभारी हूँ और संगठन द्वारा दिए गए दायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन करूंगी तथा पार्टी हित में सदैव कार्यरत रहूंगी।”
गौरतलब है कि अन्नपूर्णा राठौर पूर्व में राजीव गांधी शिक्षा मिशन की प्रदेश स्तरीय सदस्य रह चुकी हैं और वर्तमान में परिवार परामर्श केंद्र सक्ती में सदस्य के रूप में सेवाएं दे रही हैं।




