हाथों में तिरंगा, दिल में देशभक्ति का जज्बा; सक्ती की सड़कों पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा

बुधवारी बाजार से नवधा चौक, कचहरी चौक और गौरव पथ तक गूंजा देशभक्ति का संदेश; दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम पहुंचकर यात्रा का हुआ समापन
सक्ती। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ पुलिस प्रशासन सक्ती एवं जिंदल वर्ल्ड स्कूल सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता से पूरा नगर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल एवं चावल उद्योग संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
बुधवारी बाजार से गौरव पथ तक दिखा तिरंगे का उत्साह
तिरंगा यात्रा बुधवारी बाजार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम से प्रारंभ होकर नवधा चौक, कचहरी चौक और गौरव पथ होते हुए वापस बुधवारी बाजार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम पहुंची। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती यात्रा के दौरान हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के उत्साह ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
विद्यार्थियों में दिखा राष्ट्रप्रेम का जज्बा
यात्रा में जिंदल वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने अनुशासन और देशभक्ति के साथ नगर भ्रमण किया। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा।
आयोजन में जिंदल वर्ल्ड स्कूल के डायरेक्टर विनोद अग्रवाल, रवि अग्रवाल एवं ऋषभ अग्रवाल तथा प्राचार्य वेंकट सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल रहे।
नगर के प्रमुख मार्गों से निकली इस तिरंगा यात्रा ने सक्ती में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का रंग और गहरा कर दिया।




