सक्ती जिला

वेदांता पावर की अनूठी पहल : ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र शुरू

सक्ती। तकनीकी शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को डिजिटल युग के अनुरूप सक्षम बनाने की दिशा में वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत सक्ती जिले के ग्राम पंचायत सिंघीतराई में निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की है। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनमें आधुनिक तकनीकी ज्ञान के प्रति उत्साह देखा जा रहा है।

1200 मेगावॉट क्षमता वाले वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट द्वारा शुरू किए गए इस प्रशिक्षण केंद्र में ग्राम पंचायत सिंघीतराई, निमोही एवं ओड़ेकेरा के लगभग 60 बालक-बालिकाओं ने निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु पंजीयन कराया है। 90 दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कंप्यूटर फंडामेंटल, एम.एस. ऑफिस, इंटरनेट संचालन सहित विभिन्न तकनीकी विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वेदांता पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजिंदर सिंह आहूजा ने इस पहल को ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक तेजी से विकसित हो रही है और विशेषकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के आगमन के बाद दुनिया पूरी तरह बदल गई है। ऐसे समय में कंप्यूटर ज्ञान के बिना आधुनिक विकास की मुख्यधारा में शामिल होना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कंप्यूटर प्रशिक्षण की सुविधाएं सीमित होने के कारण स्थानीय नागरिकों की मांग पर इस केंद्र की शुरुआत की गई है, जिससे क्षेत्र के बच्चे निःशुल्क प्रशिक्षण लेकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

श्री आहूजा ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के लिए पंजीयन कराया है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वेदांता पावर उनकी प्रगति और विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

प्रशिक्षण केंद्र में पंजीकृत विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में भी इस पहल को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। बी.एससी. बायोलॉजी की छात्रा मनीषा सिदार ने बताया कि गांव में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खुलने से विशेष रूप से सीमित संसाधनों वाले परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिल रहा है। वहीं बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा चंद्रकला रौतिया ने इसे ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट पहल बताया।

स्वामी आत्मानंद स्कूल खरसिया की छात्रा भूमि डनसेना एवं छात्र अमन डनसेना सहित कई विद्यार्थियों ने कहा कि आज लगभग सभी कार्य कंप्यूटर आधारित हो चुके हैं, इसलिए नई तकनीकों की जानकारी होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने वेदांता पावर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक संजय कृष्ण डनसेना ने बताया कि कक्षाएं दो बैचों में संचालित की जा रही हैं तथा कक्षा 10वीं से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के लिए पंजीयन कराया है। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी कंप्यूटर सीखने में काफी रुचि और उत्साह दिखा रहे हैं तथा प्रशिक्षण के बाद वे पठन-पाठन एवं दैनिक उपयोग के अनेक कार्य कंप्यूटर पर दक्षता से कर सकेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि सिंघीतराई क्षेत्र के लगभग 12 किलोमीटर के दायरे में पहले कोई कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण सीमित आय वाले परिवारों के विद्यार्थी दूर जाकर प्रशिक्षण लेने में असमर्थ थे। अब गांव में ही निःशुल्क केंद्र खुल जाने से विद्यार्थियों को बिना अतिरिक्त खर्च और असुविधा के आधुनिक कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त हो रही है।

ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में वेदांता पावर की यह पहल विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button